सफल समाचार
शेर मोहम्मद
बनकटा थाना के ग्राम सोहनपुर में बृहस्पतिवार को सुबह एक 17 वर्षीय किशोरी का शव खेत में मिला। किशोरी भोर में घर से शौच के लिए बाहर निकली थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
ग्राम सोहनपुर निवासी मुन्ना पासवान की 17 वर्षीय पुत्री रिंकी कुमारी भोर में शौच के लिए घर से बाहर गई थी। सुबह होने के बाद जब वह घर नहीं आई तो परिजन उसे ढूंढने निकले। खेती के कार्य से जा रहे ग्रामीणों ने दक्षिण एक खेत में किशोरी के शव को देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कर पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष बनकटा बरजोर सिंह ने बताया कि युवती के गले, पीठ और कान पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।