सफल समाचार अजीत सिंह
ओबरा(सोनभद्र)।राजकीय पी जी कॉलेज ओबरा में रविवार को सुब्रमणीय भारती के जन्मदिन के अवसर पर शासन के निर्देश पर भारतीय भाषा उत्सव मनाया गया। जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर प्रमोद कुमार के द्वारा की गई। कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक
डा महेन्द्र प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है,एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान से पूरा देश जुड़ गया है।राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति पूरे देश में क्रियान्वित किया गया है ऐसे में भारतीय भाषा उत्सव की संकल्पना को जनमानस के बीच पहुंचना जरूरी है। सन
1882 में जन्मे सुब्रमणीय भारती स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका में थे, जिन्होंने अपने लेख एवं कविता के माध्यम से लोगो के बीच राष्ट्रीय नवजागरण की चेतना को भरा। उन्होंने नारी अधिकारों,बाल विवाह निषेध पर भी जोर दिया। ब्रिटिश हुकूमत ने उनके राष्ट्रीयता के रुख के चलते उनको 1918 में जेल में डाल दिया था।भारती केवल तमिल के जानकार नहीं थे, अपितु उनकी भाषाई विविधता रोचक थी। इस दौरान प्रोफेसर डा राधा कांत पाण्डेय ने भारती के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाषा की वैचारिकी का जो भाव भारती में था वह अतुलनीय है। बहुभाषी होना नई शिक्षा नीति की एक विशेषता है। विद्यार्थी जितनी भाषा सीखेगा,उससे देश की एकता को बल मिलेगा। वाणिज्य के प्राध्यापक डा. विकास ने बहुभाषी होने पर जोर दिया और कहा इससे व्यक्तित्व का निर्माण होता है। प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि मातृ भाषा के अतरिक्त अन्य भाषा की जानकारी देश को एकता की ओर ले जाती है।भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन उसी की तरफ बढ़ाया हुआ कदम है।कार्यक्रम में छात्र अभिषेक यादव ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर अंग्रेजी की प्राध्यापिका डा. किरन सिंह, कार्यालय के प्रमोद केशरी, धर्मेन्द्र,महेश पाण्डेय व सरफुद्दीन के साथ छात्र छात्रा उपस्थित रहे।