सफल समाचार
शेर मोहम्मद
मेडिकल कॉलेज में केबल बदलने से रविवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे पैथाेलाॅजी में ब्लड की जांच नहीं हो सकी। वहीं रजिस्ट्रेशन और रिपोर्ट का कार्य बाधित रहा। कतार में तीन घंटे इंतजार करने के बाद 60 लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। जबकि अन्य स्थानों पर जनरेटर चलाकर कार्य हुआ। करीब चार बजे आपूर्ति बहाल हुई।
मेडिकल कॉलेज में टीबी क्लीनिक उपकेंद्र से जुड़ा केबल जर्जर हो गया था। रविवार को शट डाउन लेकर तार बदलने का कार्य करीब 11 बजे शुरू हुआ, जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद सेंट्रल पैथाेलाॅजी में मशीन से जांच कार्य ठप हो गया, जिससे 30 सैंपल की जांच नहीं हुई और सर्वर ने काम करना बंद कर दिया। इसके चलते रजिस्ट्रेशन काउंटर के कंप्यूटर ने भी काम करना बंद कर दिया। यहां अब तक खाली पेट व वार्ड में भर्ती 31 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हुआ था। वहीं रिपोर्ट लेने वालों की लाइन लगी थी। रविवार होने के कारण दो बजे काउंटर बंद हो गया। इसके बाद घंटों इंतजार के बाद 60 लोगों को बिना रिपोर्ट के निराश होकर वापस लौटना पड़ा। जबकि जनरेटर से पीआईसीयू, सर्जिकल, मेडिकल वार्ड को आपूर्ति दी गई। वहीं डिजिटल पोर्टेबल मशीन से एक्स-रे का कार्य हुआ।