मामूली बात को लेकर कुछ लोगों ने मंदिर में सो रहे पुजारी की पिटाई कर दी। पुजारी के विरोध करने पर हमलावर जबरन उन्हें अपने साथ ले गए।

उत्तर प्रदेश देवरिया

सफल समाचार 
शेर मोहम्मद 

तीन दिन बाद महुआडीह पुलिस ने मामला दूसरे थाना क्षेत्र का होना बताकर पल्ला झाड़ा

पीड़ित ने अब रामपुर कारखाना पुलिस से लगाई गुहार

देवरिया। मामूली बात को लेकर कुछ लोगों ने मंदिर में सो रहे पुजारी की पिटाई कर दी। पुजारी के विरोध करने पर हमलावर जबरन उन्हें अपने साथ ले गए। घर ले जाकर दोबारा पिटाई कर उन्हें घायल कर दिया। पुजारी के शोर मचाने पर आरोपी उन्हें छोड़कर धमकी देते हुए भाग गए। इससे पहले कुटी में रखा कुछ नकदी व अन्य सामान भी उठा ले गए। पुजारी ने महुआडीह थाना पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन, पुलिस तीन दिन बाद मामला रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र का होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ ली।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव के रहने वाले जोगिंद्र मद्धेशिया (60), गांव में एक मंदिर के पुजारी हैं। मंदिर पर ही बनी एक कुटी में रहकर वह पूजा – पाठ करते हैं। पुजारी के अनुसार, तीन जुलाई की शाम को वह बगल गांव के सहोदर पट्टी चौराहा पर भिक्षाटन के लिए गए हुए थे। वहां गांव के बाहर एक निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहे एक मजदूर ने उनके साथ बदसलूकी की। इस पर दोनों में बहस हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। लोगों के बीच-बचाव पर मामला शांत हो गया। पुजारी मंदिर चले आए। आरोप है कि मजदूर के पक्ष में रात को सहोदरपट्टी गांव के छह से अधिक लोग लामबंद होकर कुटी पर पहुंच गए। सो रहे पुजारी को बाहर खींचकर पिटाई करने लगे। भिक्षा मांगकर कर रखा कुछ रुपए व अन्य सामान भी उठा लिए। विरोध करने पर पुजारी को घसीटते हुए अपने साथ उसी निर्माणाधीन मकान पर लेकर चले गए। वहां ले जाकर दोबारा पिटाई करने लगे। शोर मचाने पर आरोपी पुजारी को धमकी देते हुए निकल गए। घटनास्थल महुआडीह थानाक्षेत्र में होने की चलते पुजारी ने सुबह महुआडीह पहुंचकर नामजद तहरीर दिया। पुलिस ने मामले की जांच भी की। लेकिन, बृहस्पतिवार को मामला रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र का होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। पीड़ित ने अब रामपुर कारखाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुजारी का कहना है कि पुलिस उनकी मदद करने की बजाय दौड़ा रही है। एसओ महुआडीह गिरीश चंद राय ने बताया कि जांच में पता चला कि मामला रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र का है। इसलिए वहां जाने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *