बरहज : बाढ़ के पानी से परसियां-विशुनपुर देवार के आधा दर्जन टोले पानी से घिर हुवा है

उत्तर प्रदेश देवरिया

सफल समाचार 
शेर मोहम्मद 

बरहज। सरयू नदी में सैलाब उमड़ आया है। जिससे चारों ओर पानी ही पानी हो गया है। बाढ़ के पानी से परसियां-विशुनपुर देवार के आधा दर्जन टोले पानी से घिर गए हैं। जबकि भदिला प्रथम गांव टापू बना हुआ है। बाढ़ का पानी रामजानकी मार्ग और रुद्रपुर रोड तक पहुंच गया है। जलस्तर में निरंतर हो रही बढोतरी से तटवर्ती गांव के लोगों की चिंता बढ़ गई है।

पिछले करीब एक सप्ताह से सरयू के जलस्तर में निरंतर बढ़त दर्ज किया जा रहा है। नदी 66.15 मीटर से 67.47 मीटर पर बह रही है। नदी के खतरे के निशान 66.50 से 97 सेमी ऊपर बहने से बाढ़ का पानी थाना घाट, आरती, बरहना सहित 12 घाटों पर बने पक्के सीढि़यों तक पहुंच गया है। वहीं जहाज घाट पर नाला के रास्ते पानी मोहल्ले में जाने वाली सड़क तक पहुंच गया है। सरयू नौकाटोला-बेलडॉड स्थित रामजानकी मार्ग, जबकि राप्ती में उफान आने से नदी बिनोवापुरी गांव के निकट कपरवार-रुद्रपुर मार्ग तक पहुंच गई है। गोरखपुर जनपद का कोलखास, ज्ञान कोल आदि गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। नदियों में आई बाढ़ के कारण 100 एकड़ से अधिक तटवर्ती खेत जलमग्न हो गए हैं। कटइलवा के जवाहिर यादव, मुखलाल, छांगुर, हरी मद्धेशिया आदि का कहना है कि जलस्तर में निरंतर वृद्धि हो रही है। इससे नदी पूर्व में आए बाढ़ की विभीषिका दोहराने पर मचल रही है। हालांकि कटइलवा से कपरवार संगम तट दौलाबंद बनने से कुछ हद तक राहत मिली है।

थमने का नाम नहीं ले रहा सरयू का जलस्तर, कटान कर रही नदी
बरहज। सरयू नदी के जलस्तर में निरंतर इजाफा हो रहा है। प्रत्येक घंटे में नदी जलस्तर में करीब एक सेमी की बढ़त बना रही है। जिससे सैलाब उमड़ आया है। नदी में आई बाढ़ से चारों ओर पानी ही पानी हो गया है। संगम तट पर नदी कुवाईच टोला निवासी गंगा यादव के खेत में निकट दो जगह कटान कर रही है। खेत के निकट बने दौलाबंद के ऊपरी सतह पर नदी करीब डेढ़ से दो मीटर कटान कर रही है। जबकि पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश से बंधों पर जगह-जगह रेनकट हो गए हैं। दूसरी ओर मोहन सेतु के दक्षिणी छोर पर नदी करीब 60 मीटर कटान कर रही है। जिससे महकमें में खलबली मच गई है। लोगों के अनुसार जारी कटान से निर्माणाधीन मोहन सेतु का संपर्क मार्ग प्रभावित हो गया है। वहीं परसियां-विशुनपुर देवार के पीडब्ल्यूडी बांध पर नदी दबाव बना रही है। नदी में उमड़ रहे सैलाब और जलस्तर में निरंतर हो रही वृद्धि से लोग सांसत में हैं।

जलस्तर में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालात पर नजर रखते हुए बंधों पर जगह-जगह बने रेनकट दुरुस्त कराया जा रहा है। बाढ़ से निपटने के लिए लगभग सभी तैयारियां पूर्ण करा लिया गया है। रही बात हो रहे कटान की, तो जियो बैग आदि लगाकर कटान रोका जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *