तीन घंटे हंगामा, फिर भी नहीं सुलझी समस्या, पर्ची के लिए अड़े किसान

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

विश्वजीत राय
सफल समाचार

मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक के पुर्नहा बुजुर्ग गांव के गन्ना तौल केंद्र पर मंगलवार को किसानों ने तीन घंटे हंगामा किया। पिपराइच चीनी मिल के अधिकारी और इंस्पेक्टर भी आए। लंबी वार्ता के बाद भी कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। नाराज गन्ना किसान पर्ची की मांग करते रहे, अधिकारी केवल आश्वासन देते रहे। बिना समस्या का समाधान किए अधिकारी तौल इंचार्ज को लेकर लौट गए। अधिकारियों के वापस जाने के बाद किसानों ने प्रदर्शन किया। पूरे दिन गन्ने की तौल नहीं हुई।

पिपराइच चीनी मिल के क्रय केंद्र पुर्नहा बुजुर्ग पर दो दिनों से पर्ची के अभाव में गन्ना की तौल ठप थी। सोमवार की दोपहर में किसानों ने तौल इंचार्ज और चौकीदार को बांध दिया था। उसके बाद गन्ना और पत्तियां जलाकर प्रदर्शन किया था। देर रात इस मामले में तौल इंचार्ज विवेक शुक्ल ने 10 से अधिक किसानों को नामजद करते हुए केस दर्ज करने की मांग की। तौल इंचार्ज ने किसानों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे जटहां बाजार थाने के इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी और पिपराइच चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक रामाशीष सिंह, उप प्रबंधक श्रीधर दुबे, गन्ना प्रबंधक मनोज तिवारी, बालगंगा त्रिपाठी, डायरेक्टर घनश्याम तिवारी पहुंचे। किसानों के साथ करीब तीन घंटे तक बातचीत होती रही, लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका। किसानों की मांग थी कि तौल इंचार्ज की तरफ से पुलिस को दी गई तहरीर को वापस कराया जाए, नियमित और तत्काल पर्ची जारी कराई जाए। चीनी मिल के अधिकारी किसानों को आश्वासन दिए कि उन्हें पर्ची उपलब्ध करवा दी जाएगी। इसके लिए केन यूनियन से बात की जा रही है। किसानों ने अधिकारियों की कोई बात नहीं मानी। दोपहर करीब एक बजे के बाद चीनी मिल के अधिकारी तौल इंचार्ज को अपने साथ लेकर चले गए। अधिकारियों की तरफ से समाधान नहीं होते देख किसानों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
किसान मोतीलाल, विंध्याचल, लल्लन, पवन, जितेंद्र, सुभाष, मदन, राकेश, रामप्रवेश, मुंद्रिका समेत कई किसानों का कहना है कि एक तो यह चीनी मिल सबसे देर से चली, दूसरे उसके बाद समय से पर्ची भी नहीं दे रही है। इस कारण खेतों में ही गन्ना सूख रहा है। तीन दिन से तौल ठप होने से यार्ड में खड़ी ट्रालियों पर गन्ना सूख रहा है। ट्रैक्टर-ट्राली का भाड़ा भी बढ़ रहा है। तौल केंद्र पर अधिकारी आए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कर सके।

12 अज्ञात लोगों पर पुलिस ने दर्ज किया केस
पिपराइच चीनी मिल के तौल इंचार्ज विवेक शुक्ल की तहरीर पर जटहां बाजार पुलिस ने मंगलवार की शाम को 12 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बलवा, बंधक बनाने, गाली और धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि तौल इंचार्ज ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। उसके अनुसार केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना की जाएगी।

क्या बोले किसान-
एक सप्ताह से दरवाजे पर ट्राली पर गन्ना लदा सूख रहा है। पर्ची नहीं मिलने के कारण गन्ना सेंटर पर नहीं भेजा गया। इसके अतिरिक्त करीब तीन एकड़ खेत में गन्ना पड़ा है। -सुरेंद्र प्रताप, गन्ना किसान

तीन ट्राली गन्ना तौल केंद्र पर है, लेकिन अब तक पर्ची नहीं मिल सकी है। खेतों में गन्ने की फसल वैसे ही खड़ी है। चीनी मिल की लापरवाही से किसान परेशान हैं। -चंद्रशेखर कुशवाहा, गन्ना किसान।

चार एकड़ खेत में गन्ना है। पर्ची के अभाव में खेत खाली नहीं हो रहा है। इस बार गेहूं की कैसे बुआई की जाएगी, समझ में नहीं आ रहा है। किसानों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। -बबलू अंसारी, ग्राम प्रधान पुर्नहा बुजुर्ग

किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। पर्ची नहीं मिलने के कारण गन्ना खेत में खड़ा है। चीनी मिल के जिम्मेदार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर नहीं हैं। -विनोद कुशवाहा, गन्ना किसान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *