कुशीनगर: ठंड से राहत के आसार नहीं, और बढ़ेगा कोहरा

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

विश्वजीत राय

सफल समाचार कुशीनगर

कुशीनगर: ठंड से राहत के आसार नहीं, और बढ़ेगा कोहरा

जिले के लोगों को अभी आने वाले कुछ दिनों तक ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से जारी मौसम के पूर्वानुमान की मानें तो आने वाले जांच दिनों तक अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

इस दौरान सुबह शाम आसमान में बादल छाए रहने के साथ कोहरा रहने की संभावना है।

शनिवार को सुबह से ही लोग गलन भरी ठंड से परेशान रहे। दोपहर बाद करीब एक बजे आसमान साफ हुआ तो हल्की धूप निकली। इसके बाद लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। लेकिन दिन ढलते ही पुन: लोग गलन भरी ठंड से परेशान हो गए। बाइक चलाने वाले चालक बिना दास्ताने के बाइक नहीं चला पा रहे थे। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया की मौसम विज्ञानी श्रुति वी सिंह ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से जिले के आने वाले पांच दिन का मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। उसके मुताबिक अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 80-93 प्रतिशत और शाम को 60-75 फीसदी के बीच रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि के दौरान छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार

 

से पछिया हवा चलने की संभावना है। इस अवधि में सुबह और शाम के समय आसमान में बादल छाए रहेंगे और घना कोहरा रहेगा। उन्होंने बताया कि तापमान में गिरावट के कारण पशुओं के दूध उत्पादन में आ सकती है। इसके लिए दुधारू पशुओं को नियमित रूप से 50 ग्राम नमक, 50 से 100 ग्राम खनिज मिश्रण और अनाज के साथ-साथ हरा और सूखे चारे का मिश्रण खिलाएं। पशुओं को ठंड से बचाने के लिए सूखी घास या राख का बिछान करें। कम तापमान को ध्यान में रखते हुए आलू, गेहूं, मक्का, पपीता, केला एवं सब्जियों की फसलों को कम तापमान से बचाने के लिए खेतों में उचित नमी बनाए रखें। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश वर्मा ने बताया ठंड के मौसम में बच्चों में सर्दी, जुखाम, खांसी और निमोनिया जैसी बीमारियां होने की आशंका अधिक रहती है। इससे बचाव के लिए बच्चों को बाहर ले जाते समय गर्म टोपी पहनाएं। हाथ और पैरों को मिटन और मोजे से ढंककर रखें। बच्चे गीले ना हों, क्योंकि ऐसा होने से उन्हें ठंड ज्यादा लग सकती है। हमेशा सबसे अंदर बच्चों को कॉटन के कपड़े पहनाएं, उनके ऊपर ऊनी कपड़े पहनाएं।

 

आने वाले पांच दिनों तक रहने वाले मौसम का पूर्वानुमान

 

दिन …………………….. अधिकतम तापमान ………………….न्यूनतम तापमान

रविवार ………………….. 19.0 डिग्री सेल्सियस …………………. 07.0 डिग्री सेल्सियस

 

सोमवार ………………….. 21.0 डिग्री सेल्सियस ………………….. 08.0 डिग्री सेल्सियस

 

मंगलवार ………………….. 22.0 डिग्री सेल्सियस …………………… 10.0 डिग्री सेल्सियस

 

बुधवार …………………… 22.0 डिग्री सेल्सियस …………………. 10.0 डिग्री सेल्सियस

 

बृहस्पतिवार …………………… 22.0 डिग्री सेल्सियस …………………… 10.0 डिग्री सेल्सियस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *