सफल समाचार
विक्रांत सिंह चौहान
नगला पंतनगर ऊधम सिंह नगर
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर नगला पंतनगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
नगला पंतनगर। भारतीय सेना द्वारा हाल ही में सम्पन्न ऑपरेशन सिंदूर की अभूतपूर्व सफलता के उपलक्ष्य में नगला पंतनगर में आज एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में देशभक्ति के नारों के साथ स्थानीय नागरिकों, युवाओं, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर हमारी सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और अटल संकल्प का प्रतीक है। यह न केवल सेना की वीरता का प्रमाण है, बल्कि प्रत्येक भारतवासी के गर्व और आत्मसम्मान का भी प्रतीक है। इस यात्रा के माध्यम से हम अपने वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और एकजुटता का संदेश देते हैं।”
मंडल महामंत्री आशीष ढांढा ने कहा, “देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि भारतीय सेना किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। यह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हमें अपने राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देता है।”
तिरंगा यात्रा में मंडल अध्यक्ष पिंकी डिमरी, मंडल मंत्री उर्मिला तड़ियाल, नगरपालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला, शक्ति केंद्र संयोजक लक्ष्मी डिमरी, मंडल महामंत्री टीकम कोरंगा और आशीष ढांढा, नगला शक्ति केंद्र संयोजक प्रमोद गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी डॉ. जे. पी. श्रीवास्तव, मंडल मंत्री सचिन शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष गंगा पपोला, सभासद गोपाल जोशी, सुरेन्द्र यादव, अजय, सुनील रोहेला, धनोज यादव, वीर बहादुर मिश्रा, मीडिया प्रभारी विक्रांत सिंह चौहान, हरेंद्र सिंह, हिमांशु वर्मा, करम सिंह बिष्ट, कैलाश नेगी, रियासत अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस यात्रा में तिरंगा हाथों में लिए लोग ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिन्द’ के गगनभेदी नारों के साथ सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त कर रहे थे। आयोजन के दौरान देशभक्ति और एकजुटता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यात्रा का समापन शांति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।