सफल समाचार
विक्रांत सिंह चौहान
देहरादून उत्तराखंड
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून वारदातों की नगरी बनती जा रही है।ताज़ा मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 2 -3 जून की मध्यरात रात एक फायरिंग की घटना में 22 वर्षीय युवक रोहित नेगी की मौत हो गई। बताया जा रहा है रोहित नेगी सहसपुर भाजपा युवा मोर्चा का पूर्व मंडल अध्यक्ष थे।
जानकारी के अनुसार, रोहित अपने दोस्तों के साथ बोलेरो गाड़ी में मौजूद था, तभी दो लोग, जिनमें से एक की पहचान अ… के रूप में हुई है, मोटरसाइकिल से आए और वाहन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से घायल रोहित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीपल चौक माण्डुवाला में गोलीकांड: आपसी विवाद में हत्या, पुलिस कर रही त्वरित जांच
थाना प्रेमनगर क्षेत्रान्तर्गत देर रात एक सनसनीखेज वारदात में युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई है, जिसे उसके दोस्त अभिषेक बर्तवाल और अन्य मित्र ग्राफिक ऐरा अस्पताल, झाझरा ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पुलिस को मृतक के मित्र अभिषेक बर्तवाल (पुत्र श्री संतोष कुमार, निवासी तिल्वाड़ी, थाना सेलाकुई, देहरादून) द्वारा दी गई। तहरीर के अनुसार, आज देर रात वह अपने दोस्तों के साथ बोलेरो गाड़ी (UK07 FZ 0707) में पीपल चौक, माण्डुवाला में मौजूद था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनमें से एक ने सामने से उनकी गाड़ी पर गोली चला दी। गोली सीधा रोहित की गर्दन पर लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अभिषेक ने बताया कि घायल रोहित को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, परंतु डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने अभिषेक की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 104/2025, धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। इस गंभीर अपराध की विवेचना थानाध्यक्ष प्रेमनगर उप निरीक्षक मोहन सिंह के नेतृत्व में की जा रही है।
अब तक की पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक रोहित के एक मित्र की महिला मित्र की अभियुक्त से पहले से जान-पहचान थी। जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ ही समय पहले सभी दोस्त नयागांव स्थित एक दोस्त के घर पर एकत्रित थे, जहाँ महिला मित्र को अभियुक्त का फोन आया। फोन पर हुई बातचीत के बाद महिला मित्र, अभियुक्त और रोहित व उसके दोस्तों के बीच आपसी बहस हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिलते हैं कि यह बहस ही हत्या का कारण बनी और अभियुक्त ने आवेश में आकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और तकनीकी व खुफिया माध्यमों से सुराग जुटाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।