सफल समाचार
विक्रांत सिंह चौहान
शांतिपुरी नगला ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड
सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पति घायल — पंतनगर थाना क्षेत्र का मामला
नगला (ऊधम सिंह नगर), 12 जून 2025
नगला नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 5 में उस समय हड़कंप मच गया जब स्टेट हाईवे पर शांतिपुरी बैरियर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक पर सवार होकर लौट रहे एक दंपति को अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दंपति बहेड़ी से दवाई लेकर शांतिपुरी लौट रहे थे। जैसे ही वह शांतिपुरी बैरियर के समीप पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
इस हादसे में महिला मोर कली, उम्र लगभग 50 वर्ष, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति सोमपाल, निवासी शांतिपुरी, गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पंतनगर से एएसआई हेम सिंह हरडिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
सफल समाचार के जिला संवाददाता विक्रांत सिंह चौहान के अनुसार, घटना की सूचना उनके द्वारा तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके पश्चात प्रशासन मौके पर सक्रिय हुआ। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी थी।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि स्टेट हाईवे पर हो रहे इस तरह के हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक नियंत्रण की ठोस व्यवस्था की जाए और दोषी ट्रक चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।
(रिपोर्ट: विक्रांत सिंह चौहान, जिला संवाददाता — सफल समाचार)