अजब प्रेम : एक तरफा प्यार मे अंधे युवक ने किशोरी और उसकी बहन को पीटा

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

सफल समाचार
प्रवीण शाही

प्रेम संबंध का प्रस्ताव स्वीकार न करने पर मनचले ने विद्यालय से घर लौट रही किशोरी और उसकी बहन को सरेराह केबल से पीट दिया। मनचले को पकड़ने के लिए लोग जुटने लगे तो मनचला भाग खड़ा हुआ। सोमवार की दोपहर घटना तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में हुई। दोनों छात्राओं की भाभी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

विशुनपुरा क्षेत्र के एक गांव की सगी बहनें स्कूल में छठवीं और नौवीं कक्षा में पढ़ती हैं। नौवीं में पढ़ने वाली छात्रा को विजयपुर पट्टी में रहने वाला एक युवक कई दिनों से परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह छात्रा से प्रेम संबंध बनाने के लिए जोर दे रहा था। छात्रा ने इन्कार कर दिया था। साथ ही इसकी जानकारी अपने परिवार के लोगों को दे दी थी। इससे आरोपी युवक उससे काफी नाराज था।

सोमवार की दोपहर बाद नौवीं में पढ़ाने वाली छात्रा अपनी बहन के साथ घर लौट रही थी। तभी रास्ते में गुरवलिया के कमकरी टोला के पास युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ पहुंचा। उसने दोनों छात्राओं को रोककर पिटाई शुरू कर दी। उधर से गुजर रहे लोगों ने छात्राओं को बचाया। भीड़ जुटने पर आरोपी और उसके साथी भाग गए। घर पहुंचकर किशोरियों ने सूचना दी।
उनकी भाभी ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। छात्राओं का कहना है कि मनचले ने उनको केबल से पीटा है। इस संबंध में एसएचओ तुर्कपट्टी आशुतोष सिंह ने बताया कि घटना सूचना मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *