सफल समाचार
आकाश राय
झूंसी थाना क्षेत्र के छतनाग रोड के सरायतकी में सोमवार की सुबह ससुराल में पति ने पत्नी नीलम मिश्र को चाकू से गोद डाला। आरोपी ने पत्नी के पेट और गले पर चाकू से 16 वार किए। चीख सुनकर नहा रहे बड़े भाई ने उसकी जान बचाई। विवाहिता को गंभीर हालत में एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार की सुबह नीलम की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विवाहिता के भाई की तहरीर पर आरोपी पति समेत अन्य ससुरालियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
छतनाग रोड के सरायतकी निवासी नीलम मिश्र का विवाह तकरीबन 13 साल पहले थरवई थाना क्षेत्र के सिंगरामऊ निवासी देवनाथ मिश्र के बेटे आशीष के साथ हुआ था। पति से नीलम को बेटी गुनगुन (12), कलश (10) का बेटा युवराज (5) हैं। मायकेवालों के मुताबिक विवाह के बाद से ही ससुराली उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। विवाह के करीब डेढ़ साल तक नीलम मायके में ही रही। इसके बाद दोनों वह ससुराल गई।
पांच दिन पहले वह फिर मायके आई थी। नीलम के बड़े भाई राजेंद्र पांडेय ने बताया कि 18 अगस्त को उसका देवर दीपक मिश्र मायके छोड़ गया था। सोमवार की सुबह नीलम अपने मायके के पिछले कमरे में सो रही थी। इसी बीच सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे उसका पति आशीष बाइक से ससुराल पहुंचा। उस वक्त राजेंद्र घर के सामने एक पान की दुकान पर खड़े थे।बहनोई के घर आने पर वह भी पीछे-पीछे चले आए। राजेंद्र ने बहनोई आशीष का पैर छुआ, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया।