सफल समाचार
विश्वजीत राय
पडरौना। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के विजयपुर उत्तर पट्टी गांव के एक घर में गोवंश काट कर बेचने की सूचना पर गांव में तनाव बढ़ गया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
गांव के निवासी मकसूद आलम के घर में गोवंश काटकर बेचने की बात शनिवार की सुबह लोगों में चर्चा होने लगी। इसकी जानकारी होते ही गांव में तनाव हो गया। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना तुर्कपट्टी पुलिस को दे दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी के घर से हथियार और कुछ मांस बरामद किए। पुलिस ने मकसूद और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।