सफल समाचार
शेर मोहम्मद
देवरिया। बारिश का मौसम धीरे-धीरे समाप्ति की ओर है। वहीं, डेंगू के मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का कहना है कि सितंबर और अक्तूबर माह में मच्छर जनित बीमारियां अधिक होती हैं। ऐसे में सावधान रहें और बचाव के हर उपाय करें। थोड़ी सी लापरवाही से मुसीबत में पड़ सकते हैं। जब ठंड पड़ने लगेगी तो मच्छर खुद की कम होेने लगेंगे और इनसे होने वाली बीमारियों से भी निजात मिल जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में इन दिनों डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की चपेट में आने से हर रोज लोग भर्ती हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनपद में अभी तक 41 लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। इनके अलावा निजी अस्पतालों में भी लोग इलाज करा रहे हैं। जिनका आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग के पास नहीं है। डॉ. सिराजुद्दीन व डॉ. विजय गुप्ता के अनुसार डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचने के लिए मच्छरदानी, साफ-सफाई, फाॅगिंग जरूरी है। घर के आसपास पानी न एकत्र होने दें। कूलर में रखे पानी को हर रोज बदलें। दरवाजे, खिड़की पर जाली लगवाएं, बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाएं। नारियल पानी, शिकंजी, ताजे फल का जूस, कीवी, पपीता का सेवन करें।
एएनएम, ग्राम प्रधान सहित सात डेंगू से पीड़ित
देवरिया। जनपद में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सोमवार को रुद्रपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के एक एएनएम, ग्राम प्रधान सहित सात लोग डेंगू पीड़ित मिले। मेडिकल कॉलेज में छह लोगों का इलाज चल रहा है। इसमें पांच लोगों के एलाइजा जांच के लिए सैंपल भेजा गया है।
रुद्रपुर क्षेत्र के धर्मपुर के प्रधान और बैदा गांव की एएनएम की जांच रिपोर्ट डेंगू पाॅजीटिव आई है। इन लोगों को कई दिनों से बुखार था। डेंगू के लक्षण मिलने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भटनी क्षेत्र का एक युवक पुणे में नौकरी करता है, जहां बीस दिन से बुखार से पीड़ित था। दवा लेने पर आराम नहीं हुआ तो सोमवार को ट्रेन से देवरिया पहुंचा। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
शहर के एक मोहल्ला निवासी एक युवती गोरखपुर में पढ़ाई करती है। एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। हाटा क्षेत्र का एक युवक बेंगलुरु में रहता है, जहां 19 सितंबर को बुखार से पीड़ित हो गया। शनिवार को घर आने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। भटनी क्षेत्र का एक युवक कोटा में पढ़ाई करता है, जहां तीन पहले बुखार होने पर घर आ गया। लक्षण के आधार पर उसे भर्ती किया गया है। वहीं गोपालगंज जिले की एक महिला को भी भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। संवाद
बुखार होने पर लापरवाही न बरतें। अस्पताल में दिखाएं। डॉक्टर की सलाह पर दवा लें और सावधानी बरतें। मेडिकल कॉलेज में जांच व दवा उपलब्ध है। अलग से वार्ड बनाया गया है।