छठ पर्व पर ससुराल जा रहे बाइक सवार मजदूर की मौत

उत्तर प्रदेश देवरिया

शेर मुहम्मद
सफल समाचार

देवरिया। छठ पर्व पर सोमवार सुबह ससुराल जा रहे बाइक सवार सुरेश लाल चौहान (30) की पिपरपाती नहर के पास वाहन की टक्कर से मौत हो गई। सड़क पर पड़े शव को देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

दो घंटे के प्रयास के बाद पुलिस ने उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुरौली के पड़री अनिरूद्ध चौहान टोला निवासी सुरेश लाल चौहान मुंबई में मजदूर का कार्य करता था। तीन माह पूर्व वह घर आया था। छठ पर्व पर शाम को पूजा में घर पर शामिल हुआ। सोमवार को भोर में करीब 4.30 बजे घर से ससुराल जाने के लिए बाइक से निकला। वहीं उसकी मां सुरेश की पत्नी के साथ छठ घाट के लिए निकली। सुरेश अभी शहर के पिपरपाती नहर के पास पहुंचा था कि अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। खून से लथपथ उसका शव सड़क पर पड़ा था। बाइक करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे गिरी थी। इसकी जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो घंटे के प्रयास के बाद शव की पहचान की। कोतवाल वेदप्रकाश शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
छठ घाट पर मची चीख-पुकार
सुरेश लाल की मां बहू राधा के साथ छठ घाट पर पूजा कर रही थी। उधर ससुराल वाले छठ घाट पर सुरेश के आने का इंतजार कर रहे थे। हादसे में सुरेश के मौत की खबर पहुंची तो छठ घाट पर सूर्य को अर्ध्य देने की तैयारी में जुटी राधा अचेत हो गई और मां बरसाती देवी दहाड़े मारने लगी। घर से ससुराल तक चीख पुकार मच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *