शेर मुहम्मद
सफल समाचार
देवरिया। तरकुलवा थानाक्षेत्र के मुजहना घाट में एक विवादित जमीन पर रखे गए पुआल को उठाने से मना करने के विवाद में मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने सात लोगों पर बलवा व हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के मुजहनाघाट के रहने वाले राम लगन यादव ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया है कि एक विवादित जमीन पर पुआल रखा हुआ था, जिसको गांव के कुछ लोग शनिवार को दबंगई से उठा रहे थे। उन्होंने जमीन का विवाद हाल होने तक पुआल नहीं उठाने की बात कही। इस बात से नाराज होकर आरोपियों ने गोलबंद होकर उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोट लगी।
बीचबचाव करने आए बेटे सन्नी और बेटी बेबी को भी हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपियों ने जानमाल की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने रामकृपाल और उनकी पत्नी, शंभू, धनंजय, आकाश, कुशल व सचिन के खिलाफ केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि सात के खिलाफ बलवा और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।