UP Lok Sabha Election 2024: कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र में दूसरी बार हैट्रिक को जोर लगाएगी भाजपा

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

विश्वजीत राय

सफल समाचार कुशीनगर

UP Lok Sabha Election 2024: कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र में दूसरी बार हैट्रिक को जोर लगाएगी भाजपा

कभी पूरी तरह से कांग्रेस के प्रभाव में रही कुशीनगर लोकसभा सीट पर नब्बे के दशक से ही भाजपा का पलड़ा भारी नजर आता है। भाजपा प्रत्याशी के तौर पर रामलहर से लेकर लगातार चार लोकसभा चुनावों में रामनगीना मिश्र ने जीत हासिल की थी।

 

इस सीट पर भाजपा की पहली हैट्रिक भी थी।

 

पिछले दो चुनावों से एक बार फिर सीट पर भाजपा का ही कब्जा है। हालांकि दोनों बार प्रत्याशी अलग-अलग रहे हैं। आसन्न चुनाव में भी पार्टी ने सांसद विजय कुमार दुबे पर विश्वास जताया है। सोलहवीं लोकसभा के मुकाबले सत्रहवीं लोकसभा में भाजपा को मिले मतों में जबरदस्त इजाफा नजर हुआ है। इस चुनाव में भी भाजपा का अपने प्रदर्शन को बरकरार करते हुए दूसरी बार हैट्रिक बनाने पर जोर होगा।

 

दूसरी एवं तीसरी लोकसभा चुनाव में यह सीट हाटा के नाम से जानी जाती थी। आजादी के बाद कांग्रेस के प्रभाव वाले इस दौर में दोनों ही चुनाव उसी पार्टी के उम्मीदवारों के नाम रहे। अगले चुनाव में जब लोकसभा क्षेत्र का नाम पडरौना हुआ तो कांग्रेस के काशीनाथ पांडेय ने अपने साथ पार्टी की भी हैट्रिक बनाई।

 

अगले चुनाव का परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में ही रहा। आपातकाल के बाद हुए चुनाव में पूरे प्रदेश के साथ यहां भी कांग्रेस को सीट गंवानी पड़ी। लेकिन अगले दो चुनावों में अलग-अलग कारणों से चली लहरों के सहारे कुंवर सीपीएन सिंह संसद पहुंचे। सोशलिस्टों के प्रभाव के बीच हुए अगले चुनाव में बालेश्वर यादव जनता दल के टिकट पर यहां से चुने गए।

 

ग्यारहवीं से चौदहवीं लोकसभा के चुनाव में इस सीट पर भाजपा का परचम लहराया और रामनगीना मिश्र लगातार चार

 

बार जीतकर संसद पहुंचे। पंद्रहवीं लोकसभा में नेशनल लोकतांत्रिक पार्टी के टिकट पर बालेश्वर यादव संसद पहुंचने में कामयाब रहे।

 

अगले चुनाव में परिसीमन बदल चुका था और सीट का नाम कुशीनगर हो गया। कुंवर आरपीएन सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर यहां से सफलता पाई। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी और उन्हें मंत्री का पद मिला। अगला चुनाव नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता से खासा प्रभावित नजर आया।

 

कुंवर आरपीएन सिंह जैसा कद्दावर नेता को दूसरा स्थान मिला। भाजपा के राजेश पांडेय उर्फ गुड्डू को बड़े अंतर से जीत मिली। पिछले लोकसभा के चुनाव में भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदल दिया। विजय कुमार दुबे को चुनाव मैदान में उतारा गया। इस चुनाव में मोदी लहर और जोर पकड़ चुकी थी।

 

विजय दुबे जीतकर संसद पहुंचे। इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को आधे से अधिक वोट मिले थे। कल्याणकारी योजनाओं के बलबूते भाजपा को इस बार भी पिछले चुनाव जैसे प्रदर्शन की उम्मीद है। यही कारण है कि सबसे पहले पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया।

 

इस सीट पर अच्छा-खासा प्रभाव रखने वाले आरपीएन सिंह अब भाजपा में हैं और पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा है। अन्य किसी पार्टी की ओर से अभी तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है।

 

नंबर गेम

 

कुल मतदाता : 1871745

 

पुरुष मतदाता : 983573

 

महिला मतदाता : 888076

 

नंबर गेम

 

कुशीनगर सीट पर औसत मतदान 59.78 प्रतिशत

 

अब तक का सर्वाधिक मतदान 61.60 प्रतिशत (1989)

 

इस सीट पर अब तक सबसे कम मतदान 41.72 प्रतिशत (1957)

 

कुशीनगर से सांसद

विश्वनाथ 1952

काशीनाथ पांडेय 1957, 1962, 1967

गेंदा सिंह 1971

रामधारी शास्त्री 1977

कुंवर चंद्र प्रताप नारायण सिंह 1980, 1984

बालेश्वर यादव 1989, 2004

रामनगीना मिश्रा 1991, 1996, 1998, 1999

कुंवर आरपीएन सिंह 2009

राजेश पांडेय उर्फ गुड्डू 2014

विजय कुमार दुबे 2019

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *