कुशीनगर सिसवा चीनी मिल बंद होने नाराज किसानों का प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

विश्वजीत राय

सफल समाचार कुशीनगर

 

कुशीनगर सिसवा चीनी मिल बंद होने नाराज किसानों का प्रदर्शन

 

पकड़ियार बाजार। महराजगंज की सिसवा आईपीएल चीनी मिल अचानक बंद हो जाने से कुशीनगर के खड्डा क्षेत्र के किसानों का गन्ना तौल केंद्रों पर दस दिन से सूख रहा है। तौल केंद्रों के कर्मचारी भी चले गए हैं।

 

नाराज किसानों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया और केंद्रों पर मौजूद गन्ने की तौल कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर गन्ना लदी ट्राली के साथ तहसील का घेराव करने की चेतावनी दी है।

टरबाइन में तकनीकी खराबी का हवाला देकर चीनी मिल एक सप्ताह से बंद है। खड्डा क्षेत्र में सिसवा आईपीएल चीनी मिल के तौल केंद्र पर एक सप्ताह से गन्ना लदी ट्रालियां खड़ी हैं लेकिन, तौल नहीं हो पा रही है। कड़ी धूप में गन्ना सूखने के कगार पर पहुंच गया है। एक सप्ताह से चीनी मिल चालू होने का इंतजार कर रहे किसानों का शुक्रवार को धैर्य जवाब दे गया। अविलंब तौल शुरू कराने के लिए प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, चीनी मिल प्रबंधन बचे गन्ने को दूसरी मिलों को आवंटित करने की बात कह रहा है।

खड्डा तहसील के बरवारतनपुर और बेलवा घाट में इस साल भी महराजगंज की सिसवा चीनी मिल के दो गन्ना तौल केंद्र बने थे। एक सप्ताह पहले तकनीकी खराबी बताते हुए सिसवा चीनी मिल को बंद कर दिया गया। जबकि, दोनों तौल केंद्रों पर 50 ट्राली से अधिक गन्ना पड़ा है। एक सप्ताह में चीनी मिल चालू होने की उम्मीद थी, चीनी मिल चालू नहीं हुई तो किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों का कहना है कि गन्ना सूख रहा है। तौल की अविलंब व्यवस्था नहीं की गई तो पूंजी डूब जाएगी। 30 से अधिक गांवों के किसानों का गन्ना सिसवा चीनी मिल ही खरीदती थी। चीनी मिल प्रबंधन की ओर से भी किसानों को कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। तौल केंद्र पर तैनात

कर्मचारी भी किसी को बिना कुछ बताए चले गए हैं। किसान कुशीनगर जिले की किसी चीनी मिल को गन्ना आवंटित करने की मांग कर रहे हैं।

-चार दिन से प्रतिदिन आ रहा हूं। पूरे दिन इंतजार के बाद गन्ने की तौल नहीं हो पाती है और शाम को निराश लौट जाता हूं। अफसरों को इस पर ध्यान देना चाहिए। -राकेश कुमार किसान

-तकनीकी खराबी का हवाला देकर सिसवा चीनी मिल को अचानक बंद कर दिया गया। अब किसान गन्ना लेकर कहां जाएं? प्रशासन को इसका इंतजाम करना चाहिए। -लाल बाबू, किसान

केन कमिश्नर के आदेश पर बरवारतनपुर और बेलवा घाट तौल सेंटर से जुड़े किसानों का गन्ना खड्डा चीनी मिल को आवंटित करा दिया गया है। सेंटर पर गन्ना लदी ट्रालियों को तौल करा कर चीनी मिल खड्डा भेजवाया जाएगा। जल्द ही आपूर्ति पर्ची जारी कराई जाएगी। दोनों सेंटरों को मिलाकर 50 हजार क्विंटल गन्ना बचा है। -ओमप्रकाश सिंह, जिला गन्ना अधिकारी, महराजगंज

तकनीकी खराबी के चलते चीनी मिल की पेराई अचानक बंद

 

करनी पड़ी। दूसरा उपकरण लगाकर मशीन को चलाने का प्रयास दोबारा किया गया लेकिन, सफलता नहीं मिली। ऐसे में अब चीनी मिल चलना संभव नहीं है। तौल केंद्र पर पड़े किसानों के गन्ने को खड्डा चीनी मिल को आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। -रामवीर सिंह, केन मैनेजर, आईपीएल चीनी मिल, सिसवा महराजगंज

सिसवा चीनी मिल यार्ड में ट्रालियों से लगभग 25 हजार क्विंटल गन्ने को प्राथमिकता के तौर पर मंगाया जा रहा है। परिक्षेत्र के किसान भी प्रभावित न हों, उसको ध्यान में रखकर आवंटित केंद्रों का गन्ना तौल कराने की योजना पर विचार किया जा रहा है। -सुधीर कुमार, केन मैनेजर, आईपीएल चीनी मिल खड्डा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *