ओबरा नगर के गांधी मैदान में 74वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया

उत्तर प्रदेश सोनभद्र

सफल समाचार गणेश कुमार

ओबरा (सोनभद्र) । ओबरा ताप विद्युत परियोजना, ओबरा के संकुल में स्थित गांधी मैदान में 74वों गणतंत्र दिवस, परम्परागत रूप से सादगी, श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर ओबरा ताप विद्युत गृह के मुख्य महाप्रबन्धक, इं0 दीपक कुमार ने प्रातः 08.30 बजे ध्वजारोहण किया।तत्पश्चात् उनके द्वारा केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के परेड का निरीक्षण किया गया।एकत्रित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए श्री दीपक कुमार ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। अपने भाषण को शुरू करते हुए उन्होंने बताया कि इस संविधान में जिस राज्य व्यवस्था को संजोया गया उसमें लोकतंत्र,समता,पंथनिरपेक्षता और विधि के शासन को महत्ता दी गयी तथा समाजवादी व्यवस्था की स्थापना के लिए योजनाबद्ध विकास पर बल दिया गया।यह संविधान आज ही के दिन सन् 1950 को लागू हुआ तथा इसी के साथ हमारा देश लोकतांत्रिक गणराज्य बना।भारत के गणराज्य बनने के बाद से हम लोगों ने काफी उन्नति की है लेकिन इस बीच हमारे जीवनमूल्यों का अवमूल्यन भी हुआ है। हमारे बीच जातिवाद, सम्प्रदायवाद, भाषा व क्षेत्रवाद का विष घोल कर हमारी एकता को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।हमें इससे बच कर समग्ररूप से एकजुट रहना है। हमारी एकजुटता ही हमारी शक्ति है जो हमारे शत्रुओं को भयभीत करती है। हमारे सैन्यबल सीमाओं पर अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर रहे है, फिर भी हमें सजग रहने की आवश्यकता है। हमारा विद्युत उत्पादन संस्थान, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की निगरानी में है।उनकी सजगता हमें सुरक्षा का आश्वासन देती है। मैं अपेक्षा करता हूँ कि वे भविष्य में भी अपने कार्यों को इसी प्रभावी रूप से करते रहेगें।अपने भाषण को आगे बढ़ाते हुये उन्होंने बताया कि किसी भी राष्ट्र का सामाजिक एवं आर्थिक विकास उक्त राष्ट्र के ऊर्जा संसाधनों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा होता है। वस्तुतः सामाजिक-आर्थिक विकास एवं ऊर्जा का विकास राष्ट्र की उन्नति के सन्दर्भ में एक दूसरे के पर्याय है। हम लोग विद्युत ऊर्जा के उत्पादन से जुड़े है। ओबरा तापीय परियोजना विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में एक अग्रणी परियोजना रही है। इसलिए अधिकाधिक विद्युत उत्पादन की जिम्मेदारी भी हमारे ऊपर हैं।इसकी इकाईयों पुरानी हो चुकी है फिर भी इन इकाईयों से अधिक से अधिक विद्युत उत्पादन हेतु हमारे अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार प्रयासरत है। आर० एण्ड एम० कार्यों के पूर्ण होने के उपरान्त ओबरा ‘ब’ परियोजना की इकाई सं0 13 के परिचालन में आ जाने के बाद वर्तमान में ओबरा ‘ब’ परियोजना की 200 मे०वा० की सभी पाँचों इकाइयों से उत्पादन हो रहा है। फलतः
ओबरा ‘ब’ परियोजना से अधिकतम विद्युत उत्पादन हो रहा है।मेसर्स दूसान इण्डिया प्रा०लि० के माध्यम से निर्माणाधीन 2X200 मे0वा० को ओबरा ‘सी’ परियोजना की प्रथम इकाई का कार्य अन्तिम चरण में चल रहा है। दोनों इकाइयों के इस वर्ष में परिचालनरत् हो जाने के उपरान्त प्रदेश को 1320 मे०वा० अतिरिक्त विद्युत की उपलब्धता होगी। इन दोनों इकाइयों के परिचालन हो जाने के बाद विद्युत क्षेत्र मे ओबरा परियोजना अपने गौरवशाली इतिहास को पुनः दोहराते हुए अपना परचम लहरायेगी।उन्होंने परियोजना के उन अधिकारियों कर्मचारियों एवं ओद्यौगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों को बधाई दी जिनके कुशल नेतृत्व एवं अदम्य साहस से हमारी परियोजना उत्पादनरत है। उन्होंने उन खिलाड़ियों को भी बधाई दी जिन्होने राष्ट्रीय, प्रादेशिक एवं परियोजना स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर इस परियोजना को गौरवान्वित किया।समारोह में महाप्रबंधक (प्रशासन) इं० जी०के० मिश्र, महाप्रबंधक’ब’,इं० योगेश कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक ओबरा ‘सी’ इं० पी०सी० अग्रवाल,मुख्य अभियन्ता (जानपद), इं० जबर सिंह, सी०आई०एस०एफ० कमाण्डेट श्री एच०एस०शर्मा तथा अधीक्षण अभियन्ता (मु०)इं० अबदुल निशाद अधीक्षण अभियन्तागण इं० समीर भटनागर, इं० राकेश सिहं, इं० एच०के० गुप्ता, इं० नेमी चन्द, इं० सुनील कुमार, इं० ए०के० राय, इं० एल०पी० गौतम एवं उप महाप्रबन्धक (लेखा) श्री अखिलेश त्रिपाठी, अधिशासी अभियन्ता इं० अंकुर सिंह, प्रधानाचार्य विजय कुमार, सी०एम०ओ० डा० ए०के०गुप्ता तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी यथा श्री सुनील ठाकुर, श्री शशी कान्त पाण्डेय, श्री विवेक वर्मा, श्री आशीष मसीह आदि उपस्थित थे।गणतन्त्र दिवस समारोह का संचालन श्री अनिल सिंह एवं श्री अनुराग मिश्रा जी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *