शादी के बाद सात घंटे चली पंचायत के बाद दुल्हन गई पिया के घर

उत्तर प्रदेश देवरिया
सफल समाचार 
शेर मोहम्मद 

 सात फेरे लेने के बाद दुल्हन को साथ ले जाने से मना करने के मामले में बृहस्पतिवार की देर रात तरकुलवा थाने में सात घंटे तक चली पंचायत के बाद आखिरकार वर-वधू पक्षों में सहमति बन गई। दोनों पक्षों में समझौता के बाद लिखा पढ़ी हुई, जिसमें यह सहमति बनी कि शनिवार को दुल्हन विदा होकर ससुराल जाएगी। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। तरकुलवा थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में मंगलवार शाम महुआडीह थाना क्षेत्र के दौला कदम पिपरा से बरात आई थी। राजी-खुशी से द्वार पूजा की रस्म पूरी हुई। बरातियों ने भोजन किया और विधि-विधान पूर्वक वर-वधू ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। विदाई के समय सुबह तब मामला बिगड़ गया, जब दूल्हे ने दुल्हन का हाथ कांपने का आरोप लगाते हुए उसे साथ ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद कन्या पक्ष के लोगों ने समझाने का काफी प्रयास किया। पर जब बात नहीं बनी तो नाराज होकर लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे, उसके भाई और उसके पिता को बंधक बनाकर बैठा लिया। यह देख बराती भाग खड़ा हुए। इस बीच किसी ने घटना की सूचना तरकुलवा पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष को समझाने का प्रयास की, लेकिन बात नहीं बनी, तो दोनों पक्षों को थाने उठा लाई। जहां देर रात तक पंचायत चलती रही। लगभग सात घंटे तक पंचायत के बाद मामले का हल निकला। समझौते में यह तय हुआ कि दुल्हन शनिवार को अपने ससुराल चली जाएगी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष समझौता कर लिए हैं। दुल्हन शनिवार को अपनी ससुराल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *