सफल समाचार
आकाश राय
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि 2024 के चुनाव में महागठबंधन अहम भूमिका निभाएगी। देश की जनता भाजपा सरकार में व्याप्त महंगाई और बेरोजगारी से तंग आ गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। यह लोकतंत्र के लिए घातक साबित होगा।
दिग्विजय सिंह सोमवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां पर कुछ देर रुकने के बाद वह सड़क मार्ग से मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देश के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। यूनिफार्म सिविल कोड को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार मंशा पर सवाल उठाए। यहां एयरपोर्ट पर दिग्विजय सिंह के आने की सूचना पर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उनके स्वागत के लिए पहुंच गए। कुछ देर तक प्रयागराज में कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के बाद कांग्रेस नेता सड़क मार्ग से मिर्जापुर के लिए रवाना हुए।