सफल समाचार
विश्वजीत राय
खड्डा। ग्राम विकास अधिकारी की तहरीर पर ग्राम प्रधान के खिलाफ पुलिस ने कर्मचारियों को गाली देने, जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। हालांकि ग्राम प्रधान ने सचिव की तरफ से लगाए गए सभी आरोप को निराधार बताया है।
खड्डा ब्लॉक के ग्राम पंचायत खैरी में तैनात ग्राम विकास अधिकारी कमल प्रसाद की तरफ से पुलिस को दिए गए तहरीर में कहा कि बृहस्पतिवार दोपहर खैरी के ग्राम प्रधान सूर्यजीत सिंह ने ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और प्रधानमंत्री आवास के किस्त को लेकर, कम्प्यूटर पर कार्य कर रहे दो कर्मचारियों से उलझ गए। कार्य रोक कर कर्मचारियों को अपशब्द बोलने के साथ जान से मारने की धमकी देने लगे। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। कर्मचारियों ने ग्राम प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बीडीओ से भी शिकायत की। खड्डा पुलिस ने ग्राम विकास अधिकारी कमल प्रसाद की तहरीर पर ग्राम प्रधान सूर्यजीत सिंह के विरुद्ध केस दर्ज कर किया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान सूर्यजीत सिंह ने बताया कि उन पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार है।
पुलिस की जांच में सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा। इस संबंध में बीडीओ विनीत यादव ने कहा कि प्रधान ने ब्लॉक कार्यालय में गलत व्यवहार किया। वे कर्मचारियों को गाली देते हुए कार्य में बाधित किया। उनके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।