सफल समाचार
विश्वजीत राय
करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे चेयरमैन ने समाप्त कराया आंदोलन
लोगों की नाराजगी और चेयरमैन की पहल पर आया दूसरा ट्रांसफाॅर्मर, 43 घंटे बाद बहाल हुई आपूर्ति
पडरौना। मंगलवार की शाम करीब छह बजे पडरौना शहर के जटहां रोड के किनारे लगे 400 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर के जलने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन में लगा ट्रांसफॉर्मर रात को फिर जल गया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने रात को भी प्रदर्शन किया।
लोगों के बार-बार मांग पर भी बृहस्पतिवार की सुबह तक दूसरा ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगने से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उपभोक्ता बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे पडरौना-जटहां मार्ग को जाम कर प्रदर्शन करने लगे। जानकारी होने पर पहुंचे पडरौना नगर पालिका के चेयरमैन ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और पहल कर दूसरा ट्रांसफाॅर्मर मंगवाया। दोपहर करीब डेढ़ बजे बिजली निगम के कर्मचारियों ने ट्रांसफाॅर्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल ही। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मंगलवार की शाम करीब छह बजे क्षमता से अधिक लोड होने की वजह से नगर के जटहां रोड के पास लगा 400 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर जल गया था। इसके चलते ट्रांसफाॅर्मर से जुड़े करीब 900 घरेलू और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की बिजली गुल हो गई। बिजली के अभाव में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो गए थे।
घरेलू उपभोक्ताओं सहित व्यापारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। उपभोक्ताओं की बार-बार शिकायत के बाद भी बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे तक दूसरा ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगा। निगम के अधिकारियों को फोन करने पर लोगों को केवल आश्वासन मिल रहा था। बीते सप्ताह भी यह ट्रांसफाॅर्मर जल गया था। उस समय वहां दूसरा ट्रांसफाॅर्मर लगाने में निगम के कर्मचारियों को तीन दिन लग गए थे।
इससे जुड़े उपभोक्ताओं ने कहा कि क्षमता से अधिक ट्रांसफाॅर्मर पर लोड है। इसकी वजह से हर सप्ताह यह ट्रांसफाॅर्मर जल जा रहा है। क्षमता बढ़ाने के लिए निगम के अधिकारियों को कई बार मांग पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब इस उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
मंगलवार की शाम जले ट्रांसफाॅर्मर के स्थान पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे तक दूसरा ट्रांसफाॅर्मर नहीं लगने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज उपभोक्ता ट्रांसफार्मर के पास पहुंचकर जटहां-पडरौना रोड जाम कर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगने तक आंदोलन जारी रखने की बात पर अड़े रहे।
उधर, प्रदर्शन की जानकारी होने पर पहुंचे नगर पालिका चेयरमैन विनय जायसवाल ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद ट्रांसफाॅर्मर लगाने के लिए पहल करते हुए निगम के अधिकारियों से वार्ता कर दूसरा ट्रांसफाॅर्मर मंगवाया। करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद दोपहर करीब 12 बजे वहां दूसरा ट्रांसफाॅर्मर पहुंचा, इसके बाद लोगों का धरना समाप्त हुआ।
उधर, बिजली कर्मचारियों ने जले ट्रांसफाॅर्मर के स्थान पर मंगाए गए दूसरे ट्रांसफाॅर्मर को लगाकर करीब 43 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके बाद लोगों ने राहत महसूस की।
इस दौरान उमेश जायसवाल, प्रहलाद गुप्ता, लालबाबू गुप्ता, राजेश गुप्ता, चेतन जायसवाल, मुन्नु सिंह चंदेल, पारस नाथ सिंह आदि मौजूद रहे।
बुधवार को पूरे दिन उमस भरी गर्मी थी। ऐसे में बिजली नहीं होने से रात में नींद पूरी नहीं हुई। शुक्र था कि भोर में बारिश हो गई। इससे लोगों को कुछ राहत मिली। पूरी दिनचर्या ही प्रभावित हो गई थी।
– राजकुमार, व्यापारी
40 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होने से लोगों के घर में लगे इन्वर्टर समेत अन्य उपकरण कार्य करना बंद कर दिए हैं। मोबाइल चार्ज नहीं होने से पूरी तरह बैठ गया था।
– अजीत पाठक, निवासी
बिजली नहीं होने से विद्यालय बच्चों को परेशानी उठानी पड़ी है। उमस भरी गर्मी से परेशान बच्चों को निजात दिलाने के लिए जेनरेटर चलाकर कार्य चलाया गया। इसके लिए करीब पांच हजार रुपये का जेनरेटर पर खर्च करना पड़ा है।
– संजय चौरसिया, प्रधानाचार्य, लक्ष्मीबाई इंटर कॉलेज
इस ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता से अधिक इस पर लोड है। इसकी क्षमता वृद्धि करने के लिए निगम के अधिकारियों से कई बार मांग की गई है। लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।
– सत्यजीत द्विवेदी, उपभोक्ता