सफल समाचार
विश्वजीत राय
कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड संख्या-22 महंत अवेद्यनाथ नगर (सिसवा) निवासी युवक की मुंबई में काम के दौरान लिफ्ट एरिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस सूचना से पूरा परिवार सदमे में है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड वासी गणेश सिंह का पुत्र ज्वाला सिंह (33 वर्ष) मुंबई में एक कंपनी में शटरिंग का काम करते थे। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पूर्व वह काम के दौरान कहीं लापता हो गए। उनकी खोजबीन वहां मौजूद लोगों ने की तो बुधवार को लिफ्ट एरिया में उसका शव मिला। शव कीचड़ व पानी से सना था। हो सकता है कि वह काम के दौरान गिर गए हों और किसी को पता नहीं चला।
ज्वाला की मौत की सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया और पत्नी, बच्चों व परिवार के अन्य लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। पोस्टमार्टम के बाद उनके छोटे भाई करन सिंह ने स्थानीय श्रमिकों के सहयोग से अंतिम संस्कार कर दिया।