कुशीनगर। जिले के अलग-अलग गांवों में दो महिलाओं के शव घर में फंदे से लटके मिले

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

सफल समाचार 
विश्वजीत राय 

कुशीनगर। जिले के अलग-अलग गांवों में दो महिलाओं के शव घर में फंदे से लटके मिले। एक महिला खड्डा थाना क्षेत्र के मरचहवा गांव की थी तो दूसरी तरयासुजान थाना क्षेत्र के जमसड़िया गांव की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि इन दोनों महिलाओं ने प्रेम विवाह किया था।

खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार, थाना क्षेत्र के गंडक नदी के उस पार के गांव मरचहवा (उत्तर टोला) में बुधवार की सुबह अजय राजभर के फूस के घर में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी मां पहुंची। वहां अजस की 28 वर्षीय पत्नी गुंजा का शव दुपट्टा के फंदे से लटकता मिला। शोर मचाने पर भीड़ जुट गई। सूचना पर तहसीलदार खड्डा महेश कुमार व प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। शव को कब्जे में ले लिया और पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उधर, तरयासुजान थाना क्षेत्र के जमसड़िया गांव के जमसड़ा टोला में भी 19 वर्षीय विवाहिता सनम खातून का शव पंखे से लटकता मिला। उसका मायका डुमरिया गांव में है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी अभी दस माह पूर्व मुन्ना अंसारी उर्फ शकील अंसारी से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। पति का कहना है कि वह मंगलवार की रात तरयासुजान डोल मेला देखने गया था। रात के लगभग दो बजे आया तो कमरा बंद था। संदेह होने पर किसी तरह दरवाजा खोला तो सनम खातून का शव पंखे में लटक रहा था। उसे नीचे उतारकर पलंग पर लिटा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक तरयासुजान अमित शर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतका की मां नूरसब्बा की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

गुंजा व अजय ने किया था अंतरजातीय विवाह
खड्डा। बताया जाता है कि अजय राजभर व गुंजा मूल रूप से जनपद के ही सुगौली पखनहा गांव के रहने वाले हैं। लगभग 5 वर्ष पहले दोनों ने घर से भागकर अंतरजातीय विवाह किया था। अजय पत्नी के साथ मरचहवा में अपने नाना-नानी की संपत्ति पर माता-पिता के साथ रहने लगा। बाद में वह माता-पिता से अलग घर में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रहने लगा। दोनों से तीन वर्ष व एक वर्ष की बच्चियां हैं। कुछ माह पहले अजय रोजी रोटी कमाने कर्नाटक गया है। लगभग दस दिन पहले गुंजा घर से कहीं गई थी। दो दिन पहले गांव लौटी थी और बुधवार को उसका शव फंदे से लटकता मिला। गुंजा ने किस वजह से इतना कठोर निर्णय लिया या लेने के लिए विवश हुई या मौत के पीछे कुछ और कारण है, सब पूरी तरह रहस्य बना हुआ है।

खड्डा थाने के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह का कहना है कि संदिग्ध हाल में महिला की लाश फंदे से लटकती मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही मौत के कारण का पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *