सफल समाचार
विश्वजीत राय
खड्डा। गोवंश की हत्या कर समुदाय विशेष में मांस बेचने का धंधा करने वाले तीन लोगों को मंगलवार की देर रात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों के पास से मांस व अन्य सामग्री भी बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम धनौजी आबादकारी व भुजौली गांव के सरेह में कोतरहा नाले के पास सखावत के खेत में मंगलवार की रात लोगों ने गोवंश काटने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खेत में पड़े गोवंश का शव और प्लास्टिक की बोरी में रखा मांस, दो साइकिलें आदि बरामद कर लिया। पुलिस ने आसपास तलाशी ली तो गन्ने के खेत से निकलकर तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान असीन, अनुल व मंसूर निवासी ग्राम धनौजी के रूप में हुई है। गांव के लोगों के मुताबिक, गाोकशी का धंधा काफी समय से चल रहा था।
सरेह में अक्सर जानवरों के अवशेष दिखाई देते थे। लेकिन, ठोस साक्ष्य नहीं मिल रहा था। पुलिस ने गांव के एक व्यक्ति की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गोवंश के शव को पोस्टमार्टम के लिए पशुपालन विभाग को सूचित कर दिया। पुलिस सभी पहलुओं की छानबीन में जुटी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि गोवंश की हत्या के मामले में धनौजी निवासी तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से मांस बरामद हुआ है। तीनों के विरुद्ध केस दर्जकर छानबीन की जा रही है।