क्रय केंद्र पर तौल न होने से सूख रहा गन्ना, किसानों में आक्रोश

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

शेर मुहम्मद
सफल समाचार

देवरिया। तरकुलवा विकास खंड क्षेत्र के कंचनपुर गन्ना क्रय केंद्र पर नियमित गन्ना तौल नहीं हो रही है, जिससे गन्ना ट्रॉली पर ही सूख रहा है । ट्रॉली से तीन से चार क्विंटल गन्ना चुराकर चोर क्रेशर व कोल्हू पर बेंच दे रहे हैं। इसको लेकर किसानों में आक्रोश है। किसान गन्ना मिल प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं।

प्रतापपुर लिमिटेड शुगर फैक्ट्री के कंचनपुर गन्ना क्रय केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में ट्रक नहीं है, जिससे गन्ना लोड नहीं हो रहा है। क्रय केंद्र पर पहुंचने के बाद हफ्तों तक ट्रॉली पर ही रखा-रखा गन्ना सूख रहा है। वहीं किसानों की पर्चियों की एक हफ्ते की मियाद खत्म हो जा रही। किसानों को दूसरी पर्ची बनवाने के लिए भागदौड़ करनी पड़ रही है। किसानों का कहना था कि यदि अविलंब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मिल प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

केन यूनियन बैतालपुर के पूर्व उपाध्यक्ष कंचनपुर गांव के किसान सुनील भारती ने बताया कि एक हफ्ते पहले केंद्र पर गन्ना लाया था, किंतु अब तक तौल नही हुई है और पर्ची की मियाद भी हो गई है। रात्रि में हर रोज चोर तीन से चार क्विंटल गन्ना ले जा रहे हैं। गन्ना किसान विक्रम ने बताया कि चार दिन गन्ना छीलने में लगता है, तौल के अभाव में चार-पांच दिन तक गन्ना सेंटर पर रहता है। जिसके चलते गन्ना सूख जा रहा है।
रामचंद्र ने बताया कि इस सेंटर पर हफ्तों-हफ्तों तौल नहीं हो पा रही है। ट्राली पर लदे-लदे गन्ना सूख जा रहा है। गन्ना विभाग के सीडीओ जयप्रकाश पांडेय ने बताया कि क्रय केंद्र पर ट्रक पर्याप्त मात्रा में नहीं होने से गन्ना तौल में समय लग रहा है। ठेकेदार से ट्रकों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है। बहुत जल्द समस्या का हल हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *