सफल समाचार
हरेन्द्र राय
काशीपुर एक युवती ने पिता और बेटे समेत तीन लोगों पर ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर 11 लाख रुपये की ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उन्होंने खुद को एक कंपनी का मालिक बताते हुए फर्जी एग्रीमेंट किया।
तहरीर में कुंडेश्वरी निवासी रत्नांगी ने कहा है कि सहपाठी होने के चलते उसकी कुमाऊं कालोनी कचनलगाजी निवासी भारत उपाध्याय से जान पहचान थी। मार्च 2022 में भारत ने उससे कहा कि वह और उसके पिता आनलाइन व्यापार करते हैं। 24 अप्रैल 2022 को उन्होंने खुद को एग्रीमेन्ट क्यूनेट कंपनी का मालिक बताकर एक एग्रीमेंट साइन किया।
भारत ने अपने और दिल्ली निवासी देवेंद्र खंडेलवाल के खाते में उससे 11 लाख रुपये जमा करा लिए। यह रकम उसने गूगल पे व अन्य माध्यम से जमा कराई। ट्रेनिंग के लिए ये लोग उसे दिल्ली व भोपाल भी ले गए। उन्होंने उसे कोई मुनाफा नहीं दिया। काफी खोजबीन करने पर पता चला कि ये लोग कंपनी के मालिक नहीं हैं। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी भारत उपाध्याय, भुवन चंद्र उपाध्याय व देवेंद्र खंडेलवाल के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।