जब केहू बहन-बेटी के छेड़ी त का होई, इहे न होई। हम जवन कइले बानी, ठीक कइले बानी – हत्यारोपी रामबिहारी

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

सफल समाचार 
प्रवीण शाही 

चौराखास थाना क्षेत्र के रहसू जनूबीपट्टी गांव के पुरैना टोला स्थित एक ईंट-भट्ठे पर शुक्रवार की रात करीब सवा आठ बजे कुदाल से वार कर एक मजदूर की हत्या करने और उसके बेटे बाबूराम को घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने रात में ही गिरफ्तार कर लिया। उसे शनिवार को जेल भेज दिया गया। पत्रकारों के पूछने पर हत्यारोपी ने कहा कि बेटी की इज्जत के लिए हत्या की। इस बात का उसे कोई अफसोस नहीं है।

शनिवार को तमकुहीराज के सीओ जितेंद्र सिंह कालरा ने घटनास्थल पर इस हत्याकांड का खुलासा किया। हत्यारोपी को जेल ले जाते समय जब पत्रकारों से ने उससे हत्या करने का कारण पूछा तो उसने कहा कि जब केहू बहन-बेटी के छेड़ी त का होई, इहे न होई। हम जवन कइले बानी, ठीक कइले बानी। इज्जत से खेले वाला के इहे सजा मिले के चाही।

ईंट भट्ठे पर काम करने वाले लोगों के मुताबिक आरोपी रामबिहारी की लड़की का मृतक रामदुलारे के लड़के निगम के साथ प्रेम संबंध था। कुछ दिन पहले रामबिहारी ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखा था। तब से लेकर उसके मन में टीस थी। कुछ दिन पहले दोनों के परिवारवालों से विवाद भी हुआ था। हत्या की रात लड़की ईंट भट्ठे पर ही दूसरे के घर में छुपी हुई थी। वह डरी-सहमी हुई थी।

गांववालों का आरोप है कि पुरैना घाट नदी के किनारे मुसहर बस्ती है। वहां कच्ची शराब बनाने का धंधा जोरों पर है। इसकी तरफ पुलिस का ध्यान नहीं जाता है। ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर वहां कच्ची शराब पीकर आने के बाद हंगामा करते रहते हैं।

मृतक रामदुलारे का बड़ा बेटा बाबूराम भी इस हमले में घायल है। उसका इलाज फाजिलनगर सीएचसी में चल रहा है। उसके हाथ-पैर में चोट आई है। मृतक के छोटे बेटे निगम ने हत्यारोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया। दूसरी ओर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *