फिरोजाबाद में प्रधानों ने सपा विधायक के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन दिया।

उत्तर प्रदेश फिरोजाबाद

सफल समाचार 
मनमोहन राय

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में जिला प्रधान संगठन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में शिकोहाबाद से सपा विधायक डॉ. मुकेश वर्मा के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। उन्होंने विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो आगामी लोकसभा चुनाव में जिले के प्रधान सपा का विरोध करने को विवश होंगे। इसकी जिम्मेदारी पार्टी हाईकमान की होगी।

जिले में आई पंचायत राज समिति की बैठक के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में सपा से शिकोहाबाद के विधायक डॉ. मुकेश वर्मा के द्वारा प्रधानों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई थी। विधायक की इस टिप्पणी की जानकारी प्रधानों को हुई तो प्रधान संगठन ने बैठक करके इस पर नाराजगी जाहिर की। जिले के प्रधानों ने विधायक के रवैये के खिलाफ बुधवार को कलेक्ट्रेट के बाहर जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव के नेतृत्व में धरना दिया। 

उन्होंने कहा कि जो प्रधान विधायक को जिताने का काम करते हैं। गांव-गांव संपर्क करते हैं। उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी किया जाना किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रभारी राजेश प्रताप सिंह ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि को प्रधान के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना गलत है। 

प्रधानों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी तथा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मांग करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव, अवधेश सिंह, किशनपाल सिंह, सुशील प्रधान बड़ा गांव नारखी, आशा देवी कोलामई, अरविंद प्रधान बिदरखा नारखी, सत्यवती प्रधान मुजफ्फरपुर, डॉ. सर्वेश कुमार जिला उपाध्यक्ष, श्याम बाबू प्रधान जमालपुर आदि प्रधान शामिल रहे।

कुछ लोग प्रधानों को भड़का रहे

किसी भी प्रधान के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया गया है। प्रधान हमारे सम्मानीय है। केवल डीपीआरओ के द्वारा जो पिछले कई सालों से काम में लीपापोती की जा रही है उसकी शिकायत की गई है। कुछ लोग प्रधानों को भड़काने का काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *