निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी और प्रदेश की 37 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए उनका संगठन तैयार है

उत्तर प्रदेश लखनऊ

सफल समाचार 
मनमोहन राय 

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि 37 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए हमारा संगठन तैयार है। हम अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं भाजपा 2019 के चुनाव में जिन सीटों पर हारी थी वो सभी हमें दे दे। हम उन्हें जीतकर दिखा देंगे। डॉ. संजय निषाद मंगलवार को मीडिया को संबोधित कर रहे थे जिसमें उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर अपनी पार्टी की तैयारियों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों में भी विस्तार कर रही है जिससे पार्टी को मजबूती मिलेगी और भविष्य में पार्टी दूसरे राज्यों में भी चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि बीते दिन वह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दौरे पर थे। वहां पार्टी के विस्तार को लेकर निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओ के साथ बैठक की साथ ही निषाद पार्टी द्वारा आयोजित केवट सम्मेलन में भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मछुआ समाज कांग्रेस सरकार से प्रताड़ित है क्योंकि वहां की प्रदेश सरकार दमनकारी नीतियों से प्रदेश के मछुआ समाज को प्रताड़ित कर रही है जिसका जवाब मछुआ समाज आगामी विधानसभा चुनाव में देगा।

निषाद ने बताया कि छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रभारी ओम माथुर और प्रदेश अध्यक्ष छत्तीसगढ़ से भी भाजपा मुख्यालय रायपुर में मुलाकात हुई है। निषाद पार्टी ने भाजपा छत्तीसगढ़ को अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है कि आगामी चुनाव में निषाद पार्टी गठबंधन के में चुनाव लड़ना चाहती है।

पूर्व सांसद फूलन देवी की संपत्ति को सपा के नेताओ से मुक्त करके उनकी मां को सौंपा जाए
डॉ. संजय निषाद ने इस अवसर पर बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मांग की है कि पूर्व सांसद वीरांगना फूलन देवी की समाजवादी पार्टी पोषित माफियाओं से संपत्ति को मुक्त करवाकर उनकी माता जी के नाम की जाए। उन्होंने कहा कि फूलन देवी मछुआ समाज की ही नहीं विश्व की महिलाओं के लिए आदर्श रही हैं। उन्होंने समाज को जागरुक करने के लिए अन्याय के खिलाफ मोर्चा खोला और महिलाओं के सम्मान के लिए लड़ाई लड़ी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *