डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ विषयक पर गोष्ठी और कार्यकर्ता सम्मेलन का हुआ आयोजन 

Uncategorized उत्तर प्रदेश सोनभद्र

सफल समाचार गणेश कुमार

डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ विषयक पर गोष्ठी और कार्यकर्ता सम्मेलन का हुआ आयोजन 

भाकपा के प्रदेश सचिव ने कार्यकर्ता सम्मेलन में अधिकारिक रुप से लोकसभा व दुद्धी विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियो के नाम का किया घोषणा  

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी “भाजपा हराओ देश बचाओ” के नारे के साथ भरी हुंकार 

सोनभद्र।सोमवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कमेटी द्वारा नगर के एक वाटिका में डा. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह पर संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ विषयक पर गोष्ठी पश्चात कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। जहां पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के नेता कामरेड डॉ गिरीश बतौर मुख्य वक्ता और भाकपा उत्तर प्रदेश के राज्य सचिव कामरेड अरविन्द राज स्वरुप विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।पार्टी नेताओ ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी अपने आंदोलनों और अभियानों में उजागर करती रही है कि भाजपा के 9 वर्षों के शासनकाल में देश के किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों, दलितों और आम आदमी की दिक्कतों में भयावह इजाफा हुआ है। आवाम की ज्वलंत समस्याओं से निपटने में सरकार पूरी तरह असफल रही है। किसानों को उनकी फसलों का समर्थन मूल्य सरकार द्वारा वायदा करने के बावजूद नहीं दिया जा रहा, जबकि उनकी जरूरत की चीजें बेहद महंगी हो चुकी हैं। निरंतर घाटे में जा रहे किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं या फिर आंदोलन करने को। उनके आंदोलनों को भी पुलिस- प्रशासन के बल पर कुचला जा रहा है। मजदूर वर्ग के लंबे संघर्ष द्वारा हासिल किए गए कानूनी अधिकार लगभग समाप्त कर दिये गए हैं और वे ठेकेदारी प्रथा के तहत अल्प वेतन पर अधिक समय काम करने को अभिशप्त हैं। बेरोजगार नौजवानों से 2 करोड़ रोजगार देने के वायदे से ये सरकार मुकर गई और आज करोड़ों नौजवान दर दर की ठोकरें खा रहे हैं। पर्चा लीक व अन्य कारणों से प्रतियोगी परीक्षाएँ रद्द कर दी जाती हैं और नौजवान गहरे आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न का दंश झेलते हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण से ये आम छात्रों और आमजनों के लिए दुर्लभ होती जा रही है। गरीबी अमीरी की खाईं निरंतर चौड़ी हो रही है। एजेंसियों के आंकड़ों के अनुसार देश की 40 प्रतिशत संपत्तियों पर 1 प्रतिशत लोगों का कब्जा है। गरीबी की इस भयावह स्थिति को सरकार भी कबूल करती है और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने के दावे करती रहती है। जीवन से जुड़े अन्य सूचकांकों पर भी देश अंतरराष्ट्रीय मानकों में पिछड़ रहा है। विकास कार्यों में भारी भ्रष्टाचार है। महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। दलितों महिलाओं और अल्पसंख्यकों का जिस तरह उत्पीड़न देखने को मिल रहा है ऐसा पहले कभी नहीं दिखा। उत्तर प्रदेश को ही लें होली के त्यौहार पर ही दर्जनों महिलाओं का शारीरिक मानसिक उत्पीड़न हुआ और दबंगों के हमलों के शिकार कमजोर तबके हुये हैं। हत्याओं की मानो बाढ़ सी आ गयी। कानून व्यवस्था चरमराई हुयी है और कुख्यात बुलडोजर अब आम लोगों को ही निशाना बना रहा है। अपनी तमाम असफलताओं से डरी सरकार लोकतन्त्र को कुचलते हुये विपक्ष को तहस नहस करने पर आमादा है। तमाम विपक्षी नेताओं और उनके परिवारों को ईडी, सीबीआई, आईटी आदि की कार्यवाहियों से जेलों में डाला जा रहा है। अनेक असली भ्रष्टाचारी भाजपा में प्रवेश कर रहे हैं और सत्ता का सुख भोगते हुये निर्भय बने हुये हैं। संविधान और लोकतन्त्र को खत्म करने की साजिश है। विभाजन पैदा करने को हर हथकंडा प्रयोग किया जा रहा जिनमें एक CAA है। बावजूद इन हथकंडों के भाजपा का आत्मविश्वास डिगा हुआ है। देश हित में और जनहित में भाजपा को हराया जाना बहुत जरूरी हो गया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी “भाजपा हराओ देश बचाओ” के नारे के साथ वामपंथी दलों के साथ मिल कर लगातार संघर्षरत है। वह इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और पूरे देश में भाजपा को हराने का काम करेगी’। उत्तर प्रदेश में भी हम मिल कर लड़ने की प्रबल इच्छा रखते थे, लेकिन कुछ दलों ने संकीर्णता का परिचय देते हुये लोकसभा सीटों का बंदरबांट कर लिया। हाल में इलैक्शन बांड भुनाने के हुये खुलासों से यह स्पष्ट तो हो ही गया है कि सभी पूंजीवादी दल कारपोरेट घरानों और माफियाओं से बड़े पैमाने पर रक़में लेते हैं। लेकिन वामपंथी दल देश की मेहनतकश जनता के हित में संघर्ष करते हैं और उन्हीं के सहयोग से चुनाव लड़ते हैं। अतएव कारपोरेट घरानों और धनमाफिया उसके प्रति असहिष्णुता का भाव रखते हैं। लगता है उन्हीं को तुष्ट करने को वामपंथ को अलग थलग किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि अपने जनाधार को संजोए रखने करने और भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करते हुये उसे परास्त करने तथा लोकसभा में भाकपा का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने आज राबर्ट्सगंज संसदीय सीट से पार्टी के कामरेड अशोक कुमार कनौजिया को व दुद्धी विधानसभा उप चुनाव में प्रत्याशी कामरेड दिनेश कुमार गोंड को उतारने की घोषणा की।दोनों प्रत्याशी शिक्षित और सामाजिक हैं तथा गरीबों, किसानों व बेरोजगारों के लिए लगातार मुखर होकर संघर्ष करते रहते हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी हमेशा टिकाऊ उम्मीदवार खड़ा करती है। इस अवसर पर सीपीएम के जिला मंत्री कामरेड नंद लाल आर्या, माले के नेता कामरेड कलीम ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाकपा प्रत्याशी के समर्थन की बात कही और चुनाव में संपूर्ण रुप से हर स्तर से साथ देने का वादा किया। इस अवसर प्रमुख रूप से राम सागर शर्मा, प्रेम चंद्र गुप्ता, विरेन्द्र सिंह गोड़, सूरज धरकार, अयोध्या प्रसाद, चंदन पासवान, राजेन्द्र प्रसाद, पप्पू भारती, चौधरी कोल, बुद्धि राम खरवार, अमर नाथ सूर्य, बुटन प्रसाद, देव कुमार विश्वकर्मा, हीरावती, फुलमती, चौधरी कोल, बसावन गुप्ता, बिहारी धरकार, जगमोहन, जय पाल, अमर नाथ बिंद, कमलेश साकेत आदि दर्जनों कार्यकर्ता सहीत राबर्ट्सगंज लोकसभा प्रत्याशी एडवोकेट अशोक कुमार कनौजिया व दुद्धी विधानसभा प्रत्याशी कामरेड दिनेश कुमार गोंड मौजूद रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड लालता प्रसाद तिवारी ने और संचालन भाकपा के जिला सचिव कामरेड आर के शर्मा  ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *